आगरा। कमिश्नरेट आगरा की मलपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सक्रिय पुलिसिंग का परिचय देते हुए दो अलग-अलग गुमशुदगी के मामलों का कुछ ही घंटों में सफल खुलासा कर दिया। थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली 15 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया। वहीं, खेलते-खेलते घर से लापता हुए 5 वर्षीय तन्नू और 3 वर्षीय आर्यन को भी सुरक्षित खोजकर परिवार से मिला दिया। दोनों मामलों के सफल निस्तारण से परिजनों ने राहत की सांस ली और मलपुरा पुलिस की तत्परता की जमकर सराहना की।
पहले मामले में 15 वर्षीय किशोरी स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना मलपुरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धनौली चौकी प्रभारी अरुण विलगैया के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। विभिन्न स्थानों पर तलाश, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरे मामले में धनौली क्षेत्र से खेलते-खेलते 5 वर्षीय तन्नू और 3 वर्षीय आर्यन घर से निकल गए थे। बच्चों के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही धनौली चौकी प्रभारी अरुण विलगैया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संभावित मार्गों की जांच की और लगातार खोजबीन करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों मासूमों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
दोनों मामलों में धनौली चौकी प्रभारी अरुण विलगैया और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और अथक प्रयासों के चलते तीनों बच्चों की सुरक्षित घर वापसी संभव हो सकी। अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने मलपुरा पुलिस की कार्यशैली, संवेदनशीलता और तत्परता की खुलकर प्रशंसा करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि गुमशुदगी जैसे संवेदनशील मामलों में समय पर कार्रवाई, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग और सतत प्रयास किसी भी परिवार की खुशियां वापस ला सकते हैं। मलपुरा पुलिस की इस सफलता की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।