Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

ताजमहल पर नारी सुरक्षा और पर्यटकों की सुरक्षा बनी प्राथमिकता, ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग की देश-विदेश में सराहना

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए ताज सुरक्षा पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन में ताजमहल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है। वहीं ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग पर्यटकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त (ताज सुरक्षा) यतेंद्र सिंह नागर ने बताया कि नारी सुरक्षा एवं सम्मान ताज सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ताजमहल आने वाली महिला पर्यटकों, छात्राओं और परिवारों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक तिलक राम भाटी के नेतृत्व में तैनात पुलिसकर्मी सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटकों का मार्गदर्शन भी कर रहे हैं, जिससे आगंतुकों का पर्यटन अनुभव बेहतर हो रहा है। उन्होंने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत ताजमहल आने वाली महिला पर्यटकों और स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर ठगी से बचाव के उपायों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि पर्यटक किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न हों।

ताजमहल भ्रमण के लिए आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों ने आगरा पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और व्यवहार की खुलकर सराहना की। पर्यटकों का कहना है कि ताजमहल परिसर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी उन्हें सुरक्षित होने का एहसास कराती है। कई विदेशी पर्यटकों ने भी आगरा पुलिस की कार्यशैली को प्रभावी, व्यवस्थित और भरोसेमंद बताते हुए पुलिसकर्मियों के सहयोगी रवैये की प्रशंसा की। महाराष्ट्र के मुंबई से ताजमहल घूमने आई महिला पर्यटकों ने भी ताज सुरक्षा पुलिस के व्यवहार, सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था से पर्यटन का अनुभव और अधिक सुखद एवं यादगार बनता है।

ताज सुरक्षा पुलिस की इस पहल ने आगरा पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत किया है। “सेवा, सुरक्षा एवं संवेदना” की भावना के साथ कार्य कर रही ताज सुरक्षा पुलिस पर्यटकों के विश्वास पर खरी उतर रही है और पर्यटन नगरी आगरा की पहचान को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google