Hindi News / उत्तरप्रदेश

दारोगा पर युवती ने लगाए शादी का झांसा देकर 11 महीने तक यौन शोषण के आरोप, पुलिस अधिकारियों से की शिकायत (Young woman accuses police sub-inspector of sexually exploiting her for 11 months under the pretext of marriage; lodges complaint with police officials.)

Article Top Ad

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में तैनात एक दारोगा पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि दारोगा ने उसकी पारिवारिक परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए पहले उससे प्रेम संबंध बनाए, फिर शादी और नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 11 महीने तक उसका यौन शोषण किया। अब आरोपी दारोगा शादी से इनकार कर उससे दूरी बना रहा है। मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की गई है। पीड़िता के अनुसार उसका अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह पुलिस के संपर्क में आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात दारोगा नरेश बाबू से हुई। आरोप है कि दारोगा ने उसे मुकदमेबाजी में उलझने के बजाय पुलिस भर्ती की तैयारी करने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि वह उसकी मदद करेगा।

महिला का आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दारोगा ने प्रेम संबंध का विश्वास दिलाते हुए शादी करने का वादा किया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने यह भी कहा कि वह अपनी पत्नी से तलाक लेने के बाद उससे विवाह करेगा। इसी भरोसे में उसने दारोगा पर विश्वास किया। शिकायत के अनुसार, दारोगा ने नौकरी दिलाने और शादी का झांसा देकर करीब 11 महीने तक उसका यौन शोषण किया। अब जब महिला ने शादी की बात की तो आरोपी उससे दूरी बनाने लगा और संपर्क करना भी कम कर दिया। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से करते हुए आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल यह आरोप पीड़िता द्वारा शिकायत में लगाए गए हैं। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि होगी।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google