आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में जिला प्रशासन ने जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक धरोहरों को नई पहचान देने के उद्देश्य से “मेरी नज़र से आगरा” ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया है। इस पहल का उद्देश्य आगरा नगर से लेकर फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, बाह, बटेश्वर और चंबल क्षेत्र तक की सुंदरता, संस्कृति और जनजीवन को आम नागरिकों की नजर और कैमरे के माध्यम से दुनिया के सामने लाना है। प्रतियोगिता में शौकिया और पेशेवर, दोनों प्रकार के छायाकार निःशुल्क भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी आगरा जनपद के किसी भी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहर, धार्मिक स्थल, संस्कृति, पर्व-त्योहार, हस्तशिल्प, जनजीवन तथा अन्य विशिष्ट पहलुओं से जुड़े अपने द्वारा खींचे गए मौलिक छायाचित्र भेज सकते हैं।
प्रतिभागियों को अपने फोटो के साथ अधिकतम 30 शब्दों का कैप्शन, नाम, पता और मोबाइल नंबर भेजना होगा। सभी प्रविष्टियां 20 जुलाई 2026 तक upinfoagra01@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेजी जा सकती हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, चयनित सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही चयनित छायाचित्र छायाकार के नाम सहित जनपद की आधिकारिक वेबसाइट agra.nic.in पर प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए यह अनिवार्य होगा कि भेजा गया छायाचित्र प्रतिभागी द्वारा स्वयं खींचा गया मौलिक चित्र हो। इंटरनेट या अन्य स्रोतों से लिए गए चित्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। प्रविष्टि भेजने के साथ प्रतिभागी जिला प्रशासन को जनहित में फोटो के गैर-व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देगा, जबकि फोटो का स्वामित्व छायाकार के पास ही रहेगा।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि आगरा केवल ताजमहल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवंत संस्कृति, शिल्प, परंपराओं और विविध विरासत का शहर है। यह प्रतियोगिता नागरिकों को अपने शहर को अपनी दृष्टि से प्रस्तुत करने का अवसर देगी। उन्होंने विद्यार्थियों, छायाकारों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है।