राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर रोती मिली महिला, पुलिस ने बढ़ाया हौसला; परिजनों को बुलाकर सकुशल किया सुपुर्द
आगरा। जीआरपी आगरा कैंट पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्यशैली के चलते शनिवार देर रात एक महिला की जान बच गई। पारिवारिक विवाद से आहत होकर आत्महत्या करने के इरादे से राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पहुंची महिला को गश्त कर रही जीआरपी टीम ने समय रहते पहचान लिया। पुलिस ने महिला को समझाया, उसका मनोबल बढ़ाया और परिजनों को बुलाकर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक रेलवे उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज और पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा और यात्रियों की सहायता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जुलाई 2026 की रात करीब 11:20 बजे थाना प्रभारी जीआरपी आगरा कैंट के नेतृत्व में पुलिस टीम राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रही थी।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में एक महिला को अकेले बैठकर रोते हुए देखा। महिला बेहद परेशान और मानसिक रूप से व्यथित दिखाई दे रही थी। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके पास पहुंचकर शांतिपूर्वक बातचीत की और उसकी परेशानी का कारण जाना। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह आगरा की रहने वाली है और पारिवारिक विवाद के कारण घर से बिना बताए निकल आई थी। मानसिक तनाव में वह आत्महत्या करने के उद्देश्य से स्टेशन पहुंची थी।
महिला की बात सुनते ही जीआरपी टीम ने उसे धैर्यपूर्वक समझाया और जीवन के महत्व को बताते हुए उसका हौसला बढ़ाया। इसके बाद पुलिस ने महिला के मायके पक्ष से संपर्क किया। सूचना मिलने पर महिला का भाई स्टेशन पहुंचा। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को सुरक्षित उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया। इस सराहनीय कार्य में उपनिरीक्षक त्रिमोहन सिंह और आरक्षी लवकुश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण एक महिला की जान बच सकी और एक परिवार को बड़ी त्रासदी से बचा लिया गया। जीआरपी की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का यह मानवीय चेहरा समाज में भरोसा और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।