Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

ताजमहल पर गाइडों के लिए सख्त फरमान! अब नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई (Strict directive for guides at the Taj Mahal! Action will be taken if rules are violated now.)

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। विश्व धरोहर ताजमहल आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर, सुरक्षित और पारदर्शी गाइड सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ताज सुरक्षा पुलिस ने टूरिस्ट गाइडों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर ने टूरिस्ट गाइडों के साथ बैठक कर स्पष्ट कर दिया कि अब नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियम तोड़ने वाले गाइडों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसीपी ताज सुरक्षा ने सभी अधिकृत टूरिस्ट गाइडों को निर्देशित किया कि वे केवल निर्धारित रोटेशन व्यवस्था के अनुसार ही अपनी ड्यूटी करें। किसी भी प्रकार की मनमानी, अव्यवस्था या निर्धारित प्रक्रिया से हटकर काम करने पर संबंधित गाइड के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गाइडों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे अपना अटेंडेंस रजिस्टर नियमित रूप से अपडेट रखें और ड्यूटी के दौरान अपना वैध पहचान पत्र, लाइसेंस एवं संबंधित प्रमाणपत्र हमेशा अपने साथ रखें, ताकि किसी भी समय जांच होने पर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जा सकें। बैठक के दौरान सबसे सख्त चेतावनी उन गाइडों को दी गई जो पर्यटकों को किसी विशेष दुकान, शोरूम या व्यावसायिक प्रतिष्ठान पर ले जाकर खरीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। एसीपी ने साफ शब्दों में कहा कि यदि कोई गाइड किसी पर्यटक को किसी दुकान पर ले जाता हुआ पाया गया या उसके खिलाफ ऐसी शिकायत मिली, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ताजमहल भारत की पहचान और दुनिया के सबसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां आने वाले पर्यटकों को निष्पक्ष, ईमानदार और पारदर्शी गाइड सेवा मिलनी चाहिए। किसी भी प्रकार की दलाली, दबाव या निजी लाभ के लिए पर्यटकों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। 

एसीपी यतेंद्र सिंह नागर ने गाइडों से अपील की कि वे पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार करें, उन्हें ताजमहल के इतिहास और महत्व की सही जानकारी दें तथा पर्यटन विभाग और पुलिस द्वारा निर्धारित सभी नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। ताज सुरक्षा पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी समय-समय पर गाइडों के कार्यों की निगरानी की जाएगी। यदि किसी गाइड के खिलाफ शिकायत मिलती है या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य ताजमहल आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय गाइड सेवा उपलब्ध कराना तथा आगरा की पर्यटन छवि को और अधिक मजबूत बनाना है।

 

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google