Hindi News / आगरा / शिक्षा

स्कूल चलो अभियान: बच्चों की जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक ने ग्रामीणों को किया प्रेरित

Article Top Ad

आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्कूल चलो अभियान के तहत विकास खंड अकोला के प्राथमिक विद्यालय खेड़िया में गुरुवार को शिक्षा के प्रति जनजागरण का अनूठा अभियान चलाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने गांव में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शिक्षा के महत्व, बालिका शिक्षा, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूजा शर्मा द्वारा लिखित एवं निर्देशित नुक्कड़ नाटक में बच्चों ने प्रभावशाली अभिनय से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए अधिक से अधिक बच्चों का सरकारी विद्यालयों में नामांकन कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान रामकुमार तथा पूर्व ग्राम प्रधान हरदौल सिंह ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में सरकारी विद्यालयों में प्रवेश कराकर इस जन अभियान का हिस्सा बनें।

विद्यालय परिवार ने बताया कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और सरकारी विद्यालयों में नामांकन बढ़ाना है। अभियान को सफल बनाने में प्रधानाध्यापिका पूजा शर्मा सहित शिक्षिका पुष्पा अहिरवार, शालिनी सिंह, नेहा भदौरिया तथा शिक्षक श्यामवीर सिंह और दिनेश कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह कार्यक्रम ग्रामीणों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हुआ।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google