आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ के तहत रविवार को पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृहद स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अभियान का शुभारंभ पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (आईपीएस) ने पुलिस लाइंस स्थित जमुना टावर परिसर में अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एस.के. भगत, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के साथ पौधारोपण कर किया।

इसके बाद पुलिस आयुक्त पुलिस मॉर्डन स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के साथ पौधे लगाए तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ विषय पर निबंध, वाद-विवाद, चित्रकला, पोस्टर निर्माण और पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया अभियान के दौरान एक प्रेरणादायी दृश्य भी देखने को मिला, जब पुलिस उपायुक्त नगर सय्यद अली अब्बास ने अपने बच्चों के साथ पौधारोपण कर नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट आगरा ने वर्ष 2026 के लिए 17,800 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में फतेहाबाद स्थित पुलिस विभाग की नवीन भूमि पर 1,400 पौधों का वृहद पौधारोपण कर हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। रविवार को नगर, पूर्वी, पश्चिमी और यातायात जोन के सभी पुलिस उपायुक्त कार्यालयों, सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालयों, थाना-चौकियों, पुलिस लाइंस, विभिन्न शाखाओं तथा अन्य पुलिस इकाइयों में एक साथ पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, पुलिस पेंशनर्स, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित सिंचाई, ट्री-गार्ड और देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण, हरित धरोहर और सुरक्षित भविष्य की अमूल्य सौगात मिल सकती है।