Hindi News / अपराध / आगरा

अपहृत किशोरी सकुशल बरामद, अपहरण का आरोपी गिरफ्तार

Article Top Ad

आगरा। थाना एकता पुलिस ने अपहरण के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 2 जून 2026 को थाना एकता में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री 28 मई 2026 की शाम दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर गई थी, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए थाना एकता पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर 16 जुलाई 2026 को रमाडा कट के पास से आरोपी देशराज अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपहृत किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देशराज अहिरवार पुत्र परमलाल अहिरवार, निवासी ग्राम पिपोरा खुर्द, थाना मातकुआ, जनपद छतरपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं किशोरी को नियमानुसार परिजनों के सुपुर्द करने एवं न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google