Hindi News / आगरा

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में हरित हुआ पुलिस कमिश्नरेट आगरा, सभी थानों में एक साथ हुआ महावृक्षारोपण

Article Top Ad

आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को पुलिस कमिश्नरेट आगरा में वृहद स्तर पर महावृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में नगर, पूर्वी, पश्चिमी और यातायात जोन के सभी थाना, चौकी, पुलिस कार्यालय, शाखाओं एवं पुलिस इकाइयों में एक साथ हजारों पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर उसके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

थाना कमला नगर क्षेत्र स्थित आईटीआई पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मौजूदगी में पुलिस टीम ने पौधारोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया। वहीं थाना बसई अरेला पुलिस ने भी क्षेत्र में पौधारोपण कर लोगों को हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

इसी क्रम में थाना पर्यटन, जगदीशपुरा, हरीपर्वत, सिकंदरा, ताजगंज, शाहगंज, एत्माद्दौला, ट्रांस यमुना, छत्ता, सदर, न्यू आगरा, लोहामंडी, रकाबगंज, एमएम गेट, खंदौली, मलपुरा, अछनेरा, खेरागढ़, फतेहाबाद, पिनाहट, बाह, शमसाबाद, डौकी, इरादतनगर, जगनेर, कागारौल, फतेहपुर सीकरी, किरावली, सैंया सहित पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ पौधारोपण किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी सामाजिक जिम्मेदारियों में से एक है। यदि प्रत्येक नागरिक अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण की अमूल्य सौगात मिल सकती है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर स्थायी हरित परिवर्तन का आधार बने।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google