आगरा। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार निभाते हुए खुले पंख संस्था ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए 70 जरूरतमंद स्कूली बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। बैग मिलते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी, उत्साह और आत्मविश्वास की चमक साफ दिखाई दी। संस्था की इस पहल की अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। संस्था के अध्यक्ष आनन्द अग्रवाल ने बताया कि सेवा कार्य की शुरुआत गौ सेवा से की गई। संस्था के सभी सदस्य सबसे पहले गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गौ माता की सेवा कर समाज और मानवता के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन किया। इसके बाद जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच स्कूल बैग वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सामग्री वितरित करना नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करना और उनके सपनों को नई उड़ान देना है। यदि समाज का हर सक्षम व्यक्ति जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करे तो कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा। बैग पाकर बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई बच्चों ने संस्था के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए पढ़-लिखकर समाज और देश का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।
वहीं अभिभावकों ने खुले पंख संस्था के इस सामाजिक अभियान की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्यों ने सेवा, सहयोग और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया तथा भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों के लिए ऐसे सामाजिक कार्य लगातार जारी रखने का भरोसा दिलाया।