Hindi News / अपराध / आगरा

खेत पर कब्जे की कोशिश से मचा हड़कंप, डौकी पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा बवाल

Article Top Ad

UP80 GT 1042 नंबर की टैक्सी गाड़ी में पहुंचे दबंगों का दुस्साहस नाकाम, मुकदमा दर्ज; डौकी पुलिस की तत्परता से टली बड़ी वारदात अवैध हथियारों के बल पर खेत पर कब्जे की कोशिश, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी; पुलिस की सक्रियता से बिगड़ने से पहले संभले हालात

आगरा। थाना डौकी क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर कथित रूप से दबंगों द्वारा अवैध हथियारों के बल पर खेत पर जबरन कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की समय पर सक्रियता के चलते संभावित बड़ा विवाद और हिंसक वारदात टल गई। पीड़ित वीरेश सिंह ने आरोप लगाया कि बच्चू सिंह, हरि प्रकाश, सोनपाल समेत करीब 50 अज्ञात लोग UP80 GT 1042 नंबर की गाड़ी से घटनास्थल पर पहुंचे। सभी लोग कथित रूप से अवैध हथियार, हॉकी, लाठी-डंडे और अन्य घातक सामान से लैस थे। आरोप है कि उन्होंने खेत की मेड़ काटकर जबरन जुताई शुरू कर दी और भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया।

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और किसी भी समय बड़ा विवाद हो सकता था। सूचना मिलते ही थाना डौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेकर संभावित अनहोनी टाल दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों के वाहन में अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री रखी हुई थी। पीड़ित ने पुलिस से वाहन की तलाशी लेकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

थाना प्रभारी सुनीत शर्मा ने बताया कि मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से हालात पूरी तरह नियंत्रण में रहे। स्थानीय लोगों ने भी समय रहते पुलिस के मौके पर पहुंचने की सराहना करते हुए कहा कि यदि पुलिस देर से पहुंचती तो मामला गंभीर रूप ले सकता था।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google