Hindi News / आगरा

ताजमहल आने वाले लाखों पर्यटकों को बड़ी राहत!

Article Top Ad

ताजगंज की बंद सरकारी डिस्पेंसरी फिर खुलने की उम्मीद, संगठन की मुहिम लाई रंग…

आगरा। विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करने प्रतिदिन हजारों देशी-विदेशी पर्यटक आगरा पहुंचते हैं, लेकिन वर्षों से बंद पड़ी ताजगंज की सरकारी डिस्पेंसरी के कारण आपात स्थिति में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल पाती थी। अब इस लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी उम्मीद जगी है। ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन की लगातार मुहिम के बाद बंद डिस्पेंसरी को दोबारा शुरू कराने की प्रक्रिया तेज होती दिखाई दे रही है। संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा ने बताया कि डिस्पेंसरी को पुनः संचालित कराने की मांग लंबे समय से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाई जा रही थी। इसी क्रम में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंडल आयुक्त से मुलाकात कर ताजगंज डिस्पेंसरी को फिर से शुरू कराने की मांग रखी।

मंडल आयुक्त ने इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि नगर आयुक्त द्वारा डिस्पेंसरी की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और आवश्यक सुविधाओं का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर भेजा जाएगा। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही पुनर्निर्माण और संचालन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे वर्षों से बंद स्वास्थ्य केंद्र के दोबारा खुलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है।

चेतन अरोड़ा ने कहा कि ताजगंज विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान रखता है। प्रतिदिन हजारों पर्यटक यहां आते हैं। गर्मी, डिहाइड्रेशन, फिसलकर चोट लगने या अचानक तबीयत बिगड़ने जैसी परिस्थितियों में यदि ताजगंज में सरकारी डिस्पेंसरी संचालित होगी तो पर्यटकों को तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सकेगा। इससे गंभीर परिस्थितियों में समय रहते इलाज उपलब्ध होगा और स्थानीय व्यापारियों, कर्मचारियों व क्षेत्रवासियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व ताजगंज के व्यापारियों ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह से लखनऊ में मुलाकात कर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। मंत्री ने भी मंडलायुक्त और जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए डिस्पेंसरी की मरम्मत कर उसे व्यवस्थित रूप से दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए थे। अब नगर आयुक्त स्तर पर प्रस्ताव तैयार होने की प्रक्रिया शुरू होने से इस परियोजना के जल्द धरातल पर उतरने की उम्मीद बढ़ गई है।

इस पहल से ताजगंज के व्यापारियों, क्षेत्रवासियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। सभी को उम्मीद है कि जल्द ही ताजमहल क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सरकारी डिस्पेंसरी की सौगात मिलेगी, जिससे विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल की स्वास्थ्य व्यवस्था भी और मजबूत होगी। बैठक में ताजगंज 500 मीटर बाजार संगठन के संस्थापक चेतन अरोड़ा, अध्यक्ष कृष्ण मुरारी अग्रवाल, उपाध्यक्ष बृजमोहन अरोड़ा, मीडिया प्रभारी अंजुम भाई, कटरा उमर खान वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सैयद रियाज अहमद सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं  सदस्य मौजूद रहे।

 

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google