आगरा। विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी में बिहार से आए पर्यटकों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक लपके ने स्मारक भ्रमण कराने के नाम पर पर्यटकों से 2,000 रुपये वसूल लिए और उन्हें फतेहपुर सीकरी स्मारक को “खंडहर” बताकर बिना घुमाए वापस भेज दिया। पीड़ित पर्यटक ने पर्यटन पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बिहार के छह सदस्यीय पर्यटक दल बुधवार दोपहर फतेहपुर सीकरी पहुंचा था। गुलिस्तां पर्यटक वाहन पार्किंग में गाड़ी खड़ी करते समय एक लपका उनके संपर्क में आया। उसने दरगाह, बुलंद दरवाजा और परिसर घुमाने के साथ गाइड सेवा का झांसा देकर दो हजार रुपये ले लिए। इसके बाद लपका बैटरी कार से पर्यटकों को हजरत सलीम चिश्ती की दरगाह और बिना टिकट वाले हिस्से तक ही ले गया। जब पर्यटकों ने विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी स्मारक दिखाने की बात कही तो उसने कहा कि वहां केवल “खंडहर” हैं और देखने लायक कुछ नहीं है। इसके बाद वह पर्यटकों को वापस पार्किंग में छोड़कर चला गया।
पार्किंग में स्मारकों के नाम और तस्वीरें देखने के बाद पर्यटकों को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद बिहार निवासी नीरज कुमार ने पर्यटन पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। फतेहपुर सीकरी थाना प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह ने बताया कि पर्यटकों से ठगी की शिकायत मिली है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी लपके की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित पर्यटक नीरज कुमार ने कहा कि मामला सिर्फ दो हजार रुपये का नहीं है, बल्कि उन्हें गुमराह किया गया। वह सैकड़ों किलोमीटर दूर विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी देखने आए थे, लेकिन गलत जानकारी देकर उन्हें स्मारक दिखाने से वंचित कर दिया गया।