Hindi News / आगरा

रोती बच्ची को गोद में लेकर जा रहा था युवक, ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पीटा

Oplus_131072
Article Top Ad

पुलिस जांच में प्रेम संबंध का मामला आया सामने, महिला और युवक को पूछताछ के लिए लाया गया थाने

आगरा। जनपद के थाना एत्मादपुर क्षेत्र के मितावली गांव में रविवार दोपहर बच्चा चोरी की आशंका को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक गोद में रोती हुई बच्ची को लेकर जाता दिखाई दिया। बच्ची के लगातार रोने पर ग्रामीणों को शक हुआ कि युवक बच्ची का अपहरण कर रहा है। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और बच्चा चोर समझकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की, जिसके बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आई। पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र निवासी श्याम पाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वह रविवार को मितावली गांव में रहने वाली एक विधवा महिला से मिलने आया था।

बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था और महिला पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। महिला के इंकार करने पर उसने उसकी छोटी बच्ची को गोद में उठा लिया और उसे लेकर जाने लगा। इसी दौरान बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक को बच्चा चोर समझ बैठे। बिना पूरी जानकारी के लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई।

कुछ ही देर बाद संबंधित महिला भी मौके पर पहुंच गई। महिला ने पुलिस को बताया कि बच्ची उसकी ही है तथा युवक उसके परिचितों में शामिल है। इसके बाद मामला बच्चा चोरी का न होकर आपसी परिचय और कथित प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद निकला। पुलिस ने युवक और महिला दोनों से पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अनहोनी न हो।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google