Hindi News / अपराध / आगरा

शादी के 8 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, एसएन मेडिकल कॉलेज में शव छोड़कर फरार हुआ पति; दहेज हत्या का आरोप

Article Top Ad

आगरा। आगरा में शादी के महज आठ महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। मौत के बाद पति और परिजन शव को एसएन मेडिकल कॉलेज में छोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जगनेर थाना क्षेत्र के गांव भारा निवासी अन्नू की शादी 29 नवंबर 2025 को सिंगाइच गांव निवासी धर्मेंद्र से हुई थी। धर्मेंद्र ट्रेन की पैंट्रीकार में काम करता है। मृतका की मां का पहले ही निधन हो चुका है।

मृतका की बुआ प्रियंका का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त 6 लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर अन्नू को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इसको लेकर पहले भी अन्नू के पिता और चाचा ससुराल पहुंचे थे, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब सात बजे अन्नू ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की गई है और उसे तुरंत मायके ले जाया जाए। इसके करीब एक घंटे बाद जब परिवार ने दोबारा फोन किया तो अन्नू का मोबाइल बंद मिला। ससुराल पक्ष के लोगों ने भी फोन नहीं उठाया।

चिंतित परिजन जब ससुराल पहुंचे तो घर पर ताला लटका मिला। गांव के लोगों से जानकारी मिली कि अन्नू को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां अन्नू का शव रखा मिला, जबकि पति और अन्य ससुरालीजन मौके से गायब थे। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google