Hindi News / अपराध / आगरा

सट्टा कारोबार पर बड़ी चोट, ईदगाह के मकान पर पुलिस का छापा; 10 सटोरिए गिरफ्तार

Article Top Ad

आगरा। शहर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रकाबगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह कुतलूपुर क्षेत्र में संचालित एक कथित सट्टा अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से सट्टे की खाई-बाड़ी कर रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹1,85,300 नकद, 177 सट्टा पर्चियां, 9 सट्टा डायरियां, कार्बन पेपर तथा 3 पर्स बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को थाना रकाबगंज पुलिस टीम नियमित चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ईदगाह कुतलूपुर स्थित एक मकान में विजय सिंह अपने साथियों के साथ बड़े पैमाने पर सट्टे की खाई-बाड़ी का अवैध कारोबार संचालित कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों की अनुमति के बाद टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से विजय सिंह, पारस, जीतू, रिंकू, शकील, राजकपूर, गौरव, महेश, पवन और नहना को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, सट्टा पर्चियां, हिसाब-किताब रखने वाली डायरियां, कार्बन पेपर और अन्य सामग्री बरामद हुई, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि बरामद सट्टा पर्चियों और डायरियों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका संचालन कब से किया जा रहा था। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google