Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस की सख्ती जारी, दूसरे दिन 295 वाहनों की जांच, 14 पर कार्रवाई

Article Top Ad

आगरा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगरा यातायात पुलिस द्वारा 7 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष सघन स्कूली वाहन चेकिंग अभियान के दूसरे दिन भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार के निर्देशन में शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और विद्यालयों के आसपास स्कूली बसों, वैन, ईको, ऑटो एवं अन्य स्कूल परिवहन वाहनों की सघन जांच की गई। बुधवार को अभियान के दौरान कुल 295 स्कूली वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 281 वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि 14 वाहनों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई उन वाहनों पर की गई जो सुरक्षा मानकों, दस्तावेजों अथवा यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।

चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने प्रत्येक वाहन की फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। साथ ही फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन निकास, स्पीड गवर्नर, जीपीएस सिस्टम, सीसीटीवी (जहां लागू हो) तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान कुछ स्कूल वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने के मामले भी सामने आए। ऐसे वाहनों के विरुद्ध तत्काल चालान करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना फिटनेस, बिना परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालन करने वाले वाहनों को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया।

यातायात पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ स्कूल वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया। उन्हें निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग न करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त (यातायात) सोनम कुमार ने कहा कि यह विशेष अभियान 22 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक स्कूली बच्चे की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। यातायात पुलिस ने सभी विद्यालय प्रबंधनों, स्कूल वाहन संचालकों, चालकों और अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता न करें तथा सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।

“सुरक्षित स्कूली वाहन – सुरक्षित विद्यार्थी, सुरक्षित भविष्य” के संदेश के साथ आगरा यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google