आगरा। शहर के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यापारी की 10 वर्षीय बेटी डांस क्लास के लिए घर से निकलने के बाद लापता हो गई। इसी बीच घर के बाहर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला पत्र मिलने से परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें सक्रिय हो गईं और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी। हालांकि करीब साढ़े तीन घंटे बाद बच्ची सकुशल अपने घर लौट आई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। प्रतापनगर (माधव कुंज) निवासी कारोबारी मनीष अग्रवाल भगवान की पोशाक और पूजा सामग्री का कारोबार करते हैं। उनकी बेटी दिव्यांका कक्षा चार की छात्रा है। पांच दिन पहले ही उसने घर के पास स्थित एक डांस एकेडमी में डांस सीखना शुरू किया था।
डांस क्लास के गेट पर छोड़कर लौटे पिता, अंदर पहुंची ही नहीं बच्ची
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब छह बजे मनीष अग्रवाल रोज की तरह बेटी को डांस एकेडमी के गेट पर छोड़कर अपनी दुकान चले गए। रात करीब आठ बजे जब बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजन डांस एकेडमी पहुंचे। वहां डांस प्रशिक्षक ने बताया कि बच्ची शुक्रवार को क्लास में आई ही नहीं थी। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
घर के बाहर मिला 40 लाख की फिरौती का पत्र
इसी दौरान बच्ची की मां नेहा अग्रवाल को घर के गेट के पास एक पत्र पड़ा मिला। पत्र पढ़ते ही परिवार के होश उड़ गए। उसमें लिखा था कि उनकी बेटी उनके कब्जे में है और यदि उसे सकुशल वापस पाना चाहते हैं तो शनिवार सुबह चार बजे मोती कटरा के पास 40 लाख रुपये लेकर पहुंचें। पत्र में यह भी लिखा गया था कि केवल माता-पिता ही आएं, किसी अन्य व्यक्ति या पुलिस को सूचना देने पर बेटी कभी वापस नहीं मिलेगी। साथ ही यह भी लिखा था कि एक व्यक्ति बाइक से आकर पहले निगरानी करेगा और उसके बाद पिता को बच्ची तक ले जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही थाना जगदीशपुरा पुलिस के साथ उच्चाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी और कई टीमों को जांच में लगा दिया। फिरौती का पत्र भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया।
साढ़े तीन घंटे बाद सकुशल लौटी बच्ची
जांच के दौरान ही रात करीब 8:51 बजे बच्ची सकुशल अपने घर लौट आई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बच्ची को ऋषि मार्ग के पास किसी कार सवार ने उतारा था। वहां से उसका घर लगभग 500 मीटर दूर है। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची अकेले पैदल घर लौटती हुई दिखाई दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में बच्ची ने अपने साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने से इनकार किया है। मेडिकल और अन्य तथ्यों में भी अब तक किसी तरह की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची करीब ढाई से साढ़े तीन घंटे तक कहां रही, उसके साथ कौन था और फिरौती का पत्र किसने रखा।
डीसीपी सिटी बोले—हर पहलू की जांच जारी
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि बच्ची सकुशल घर लौट आई है। सीसीटीवी फुटेज में वह अकेले घर आती दिखाई दे रही है। फिलहाल बच्ची से विस्तृत बातचीत की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फिरौती के पत्र और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है। अभी तक जांच में बच्ची के साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है, लेकिन पूरे मामले की हर एंगल से जांच जारी है।