मथुरा। जिले के थाना जैत क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज की स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा के आठ वर्षीय छात्र नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ कर दी और गोवर्धन रोड पर छात्र का शव रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम समाप्त किया।
बिना पीछे देखे बस बैक करने से हुआ हादसा
गांव पेलखू निवासी गंगदेव का आठ वर्षीय बेटा नितिन गुरुवार सुबह स्कूल बस से तिलक सिंह इंटर कॉलेज पहुंचा था। आरोप है कि बच्चों को उतारने के बाद चालक ने बिना पीछे देखे बस बैक कर दी। उसी दौरान बस के पीछे खड़ा नितिन पिछले पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मौत की खबर मिलते ही फूटा गुस्सा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण कॉलेज पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट, खिड़कियों के शीशे और अन्य सामान में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सुबह करीब 8:30 बजे गोवर्धन रोड पर छात्र का शव रखकर जाम लगा दिया गया। मौके पर दो थानों की पुलिस, क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी पहुंचे। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। करीब तीन घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर 11:30 बजे जाम समाप्त कराया गया।
‘बस में हेल्पर होता तो बच सकती थी जान’
ग्रामीणों और गांव के प्रधान ने आरोप लगाया कि स्कूल की बसों में बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई हेल्पर तैनात नहीं रहता। उनका कहना है कि यदि बस में सहायक मौजूद होता और पीछे खड़े बच्चों पर नजर रखी जाती तो नितिन की जान बच सकती थी। लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। नितिन अपने परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसके परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक की लहर है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे में शामिल स्कूल बस को कब्जे में ले लिया गया है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि फरार चालक विष्णु निवासी राल की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सीएम के निर्देशों के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
यह हादसा एक बार फिर स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्कूली बसों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद आरोप है कि आगरा-अलीगढ़ मंडल में कई स्कूल बसें बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित हो रही हैं। बताया जा रहा है कि फरवरी से अब तक आगरा-अलीगढ़ मंडल में स्कूली बसों से जुड़े हादसों में चार बच्चों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों ने परिवहन विभाग, आरटीओ और स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों, स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।