Hindi News / उत्तरप्रदेश / मथुरा

मथुरा में भीषण सड़क हादसा: स्कूल बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में दो महिलाओं की मौत, दो दर्जन से अधिक घायल

Article Top Ad

मथुरा। आगरा मंडल के मथुरा जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राया-अलीगढ़ मार्ग पर बिरहना गांव के समीप एक स्कूल बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में ट्रॉली सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जानकारी के अनुसार राजस्थान के अधैयया खुर्द गांव निवासी प्रताप सिंह के परिवार में अलीगढ़ के हरदपुर गांव में एक रिश्तेदार का निधन हो गया था। शोक सभा में शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर परिवार के करीब दो दर्जन सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली से अलीगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान राया-अलीगढ़ रोड स्थित बिरहना गांव के पास स्कूल की छुट्टी के बाद जा रही एक स्कूल बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ट्रॉली को हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने ट्रॉली में सवार शशि और रजनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो दर्जन से अधिक घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिनका चिकित्सकों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि स्कूल बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हादसे के बाद बच्चों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद राया-अलीगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है, जबकि पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा बनी हुई है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google