ताजगंज पुलिस का ऑपरेशन ‘विश्वासघात’ सफल, शातिर महिला गिरफ्तार; सोना, चांदी, नकदी और पिघला हुआ सोना बरामद
आगरा। जिस महिला को परिवार ने अपने घर की चौखट पार कर भरोसे के साथ काम पर रखा, उसी ने कुछ ही दिनों में उस विश्वास को तोड़ते हुए लाखों रुपये के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। घर के सदस्यों की दिनचर्या, अलमारी और चाबियों पर पैनी नजर रखने वाली महिला ने सही मौके का इंतजार किया और फिर चाबी से ड्रॉअर खोलकर सोने-हीरे के कीमती आभूषण अपने पर्स में भर लिए। वारदात के बाद वह ऐसे गायब हुई जैसे कभी उस घर में आई ही न हो। इतना ही नहीं, चोरी का राज छिपाने के लिए वह दिल्ली पहुंची और जेवरों को पिघलवाकर सोने की सिल्ली बनवा दी, ताकि पुलिस भी पहचान न कर सके। लेकिन उसकी यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।
कमिश्नरेट आगरा की थाना ताजगंज पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक नीरज शर्मा के कुशल नेतृत्व तथा वैभव नगर चौकी प्रभारी सुबोध कुमार और उनकी टीम की सटीक रणनीति, तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र के सटीक समन्वय से इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा कर दिया। नगर जोन की सर्विलांस सेल के सहयोग से पुलिस ने कहरई मोड़, मारुति सिटी क्षेत्र से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण, पिघला हुआ सोना, मोती और ₹11,800 नकद बरामद किए।
CCTV बना सबसे बड़ा गवाह
16 जुलाई 2026 को विभव नगर निवासी महिला ने थाना ताजगंज में शिकायत दर्ज कराई कि 6 जुलाई को एक महिला को घरेलू काम के लिए रखा गया था। 9 जुलाई को वह काम करने आई, लेकिन कुछ देर बाद बिना बताए चली गई। अगले दिन उसका मोबाइल भी बंद मिला। जब घर में रखे जेवर देखे गए तो लाखों रुपये के सोने और डायमंड के आभूषण गायब थे। परिवार ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी महिला छोटे पर्स में जेवर छिपाकर ले जाती साफ दिखाई दी।
दिल्ली में पिघलवाए जेवर, पहचान मिटाने की थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर के सभी सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। उसने घर में रखी चाबी से ड्रॉअर खोला और जेवर निकालकर पर्स में रख लिए। वारदात के बाद वह दिल्ली पहुंची, जहां चोरी के सोने को पिघलवाकर सिल्ली बनवा दी, ताकि किसी भी तरह उसकी पहचान न हो सके। चोरी की रकम से उसने चांदी के आभूषण भी खरीदे और बाकी पैसा खर्च कर दिया।
बरामदगी ने खोले कई राज
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.024 ग्राम की सोने की चेन, 4.180 ग्राम का पेंडेंट, दो पिन टॉप्स, 20.324 ग्राम की दो पिघली हुई सोने की सिल्ली, तीन अंगूठियां, काले मोतियों वाला ब्रेसलेट, नौ सफेद मोती, एक हरा मोती तथा ₹11,800 नकद बरामद किए हैं।
अब खंगाला जा रहा है पूरा रिकॉर्ड
पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि वह पहले भी घरेलू कामगार बनकर इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुकी हो सकती है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके साथ कोई गिरोह जुड़ा है या नहीं।
सबक भी छोड़ गई यह वारदात
यह मामला सिर्फ एक चोरी नहीं, बल्कि भरोसे के साथ हुए विश्वासघात की कहानी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू कामगार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन (वेरिफिकेशन) अवश्य कराएं और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों व सुरक्षा व्यवस्था को हमेशा सक्रिय रखें।