आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर जनपद में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं का ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके लिए सभी सरकारी विभागों, ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम प्रधानों तथा सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र युवा का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने बताया कि ‘माय भारत’ पोर्टल भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसके माध्यम से युवाओं को अनुभव आधारित शिक्षण कार्यक्रम, स्वयंसेवक के रूप में कार्य करने, प्रशिक्षण, शिविर, प्रतियोगिताओं, सामाजिक अभियानों तथा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलता है। इन गतिविधियों में भाग लेने वाले युवाओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी दिए जाते हैं, जो उनकी पढ़ाई, रोजगार और व्यक्तित्व विकास में सहायक होते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गांवों और शिक्षण संस्थानों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी पात्र युवा पंजीकरण से वंचित न रहे। साथ ही प्रतिदिन किए गए पंजीकरण का विवरण निर्धारित अभिलेख में दर्ज कर नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी युवाओं से अपील की है कि वे स्वयं ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और अपने मित्रों, सहपाठियों, परिवार के सदस्यों तथा अन्य पात्र युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का सशक्त माध्यम है और इसके माध्यम से उन्हें अनेक उपयोगी अवसरों का लाभ मिलेगा।
उन्होंने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया, ताकि आगरा ‘माय भारत’ पोर्टल पर सर्वाधिक युवाओं का पंजीकरण कराने वाले अग्रणी जनपदों में शामिल हो सके।