Hindi News / अपराध / फिरोजाबाद

पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Oplus_131072
Article Top Ad

फिरोजाबाद। उत्तर थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई जब जी.डी. गोयनका स्कूल के पास एक पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। मृतक की पहचान बिहारीपुर निवासी रिंकेश उर्फ भोला (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि रिंकेश की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया, जिससे मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मामले की जानकारी मिलने पर गांव के प्रधान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

उत्तर थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर ही युवक की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google