घर में घुसकर वारदात को दिया था अंजाम, तीनों आरोपी गिरफ्तार; टूटे हुए सोने के कंगन और नकदी बरामद
आगरा। कमलानगर थाना क्षेत्र में आधी रात घर में घुसकर सो रही वृद्ध महिला के हाथों से सोने के कंगन लूटने और नकदी चोरी करने की वारदात का कमिश्नरेट पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। थाना कमलानगर पुलिस और सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त कार्रवाई में वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 24.10 ग्राम वजन के सोने के कंगनों के आठ टुकड़े और 270 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई की रात करीब तीन बजे आरोपी मोनू और सलमान चोरी की नीयत से एक मकान में घुसे। कमरे की लाइट जलने पर सो रही वृद्ध महिला की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचाने का प्रयास किया। इस पर दोनों आरोपियों ने उनका मुंह दबा दिया और जबरन हाथों से सोने के दो कंगन उतार लिए। विरोध करने पर महिला के हाथ में चोट भी आई। इसके बाद आरोपी पर्स में रखे एक हजार रुपये और दो छोटे गैस सिलेंडर लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद दोनों आरोपी सर्विस रोड होते हुए अब्बू लाला दरगाह के पुल के पास पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात शाहरुख से हुई। तीनों ने पुलिस से बचने और पहचान छिपाने के उद्देश्य से चोरी किए गए सोने के कंगनों को तोड़कर आठ टुकड़ों में बांट लिया। घटना के खुलासे में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर 30 जुलाई को पुष्पांजलि कॉलोनी, मनोहरपुर के पास से शाहरुख और मोनू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली। वहीं तीसरे आरोपी सलमान को पुलिस 28 जुलाई को ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज चुकी थी।
सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ चोरी का माल बरामद कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में नई आबादी, मुगल रोड निवासी शाहरुख तथा लक्ष्मी नगर, थाना यमुनापार (मथुरा) निवासी मोनू शुक्ला शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई। इस वारदात का सफल अनावरण थाना प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया। कार्रवाई में सर्विलांस सेल (नगर जोन) के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार तिवारी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।