आगरा। ताजमहल की सुरक्षा में तैनात ताज सुरक्षा पुलिस एक बार फिर अपनी संवेदनशील और फ्रेंडली कार्यशैली को लेकर चर्चा में रही। मंगलवार सुबह ताजमहल भ्रमण के लिए आई अर्जेंटीना की एक महिला पर्यटक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर पहुंची, लेकिन साड़ी संभालने में असहज होने पर ताज सुरक्षा पुलिस की महिला आरक्षी ने तत्काल मदद कर न केवल स्थिति को संभाला, बल्कि विदेशी पर्यटक का दिल भी जीत लिया। महिला पर्यटक ने मुस्कुराते हुए “थैंक यू यूपी पुलिस” कहकर आभार व्यक्त किया और महिला आरक्षी के साथ फोटो भी खिंचवाई। सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर के निर्देशन में ताज सुरक्षा पुलिस लगातार “अतिथि देवो भवः” और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सहायता कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलकराम भाटी ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि ताजमहल आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सहज और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मानवीय सहायता दी जाए।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक दल ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर पहुंचा। समूह में शामिल एक महिला पर्यटक भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर साड़ी पहनकर ताजमहल देखने आई थीं। हालांकि साड़ी पहनने का अनुभव न होने के कारण उनकी साड़ी खुलने लगी, जिससे वह असहज महसूस करने लगीं। महिला पर्यटक को परेशानी में देखकर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी तुरंत उनके पास पहुंचीं। उन्होंने बड़ी सहजता और सम्मानपूर्वक महिला की साड़ी ठीक कर उसे व्यवस्थित किया। महिला आरक्षी की संवेदनशीलता और मदद से विदेशी पर्यटक काफी भावुक हो गईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए “थैंक यू यूपी पुलिस” कहकर आभार जताया। इसके बाद उन्होंने महिला आरक्षी के साथ स्मृति के रूप में फोटो भी खिंचवाई।
ताजमहल पर मौजूद अन्य पर्यटकों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना की। ताज सुरक्षा पुलिस का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी हरसंभव सहायता करना भी पुलिस की प्राथमिकता है। यही कारण है कि ताजमहल आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों के बीच ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग की लगातार सराहना हो रही है। इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरण पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार तथा महिला आरक्षी गुड्डी देवी मौजूद रहे। ताज सुरक्षा पुलिस का यह मानवीय व्यवहार एक बार फिर “सेवा, सुरक्षा और संवेदना” के संदेश को साकार करता नजर आया।