आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 25 और 26 जुलाई को प्रस्तावित आगरा दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर भारी और हल्के वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने लोगों से यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्ग अपनाने और ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में तथा 26 जुलाई को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर में प्रस्तावित है। इसे देखते हुए दोनों दिनों में ट्रैफिक व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं।
जारी एडवाइजरी के अनुसार, फतेहाबाद की ओर से आने वाले सभी मध्यम और भारी वाहनों को इनर रिंग रोड होते हुए रहनकलां, कुबेरपुर, गुतिला अंडरपास, शमसाबाद, इरादतनगर, सैंया, दिगनेर और रोहता मार्ग से अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा। वहीं, रमाडा अंडरपास से तोरा चौकी और टाटा ग्राउंड की ओर मध्यम एवं भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हल्के वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रमाडा की ओर से आने वाले वाहन तोरा चौकी से 125 फुटा रोड, कैला देवी धर्मकांटा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे, जबकि सेल्फी प्वाइंट की ओर से आने वाले वाहन निर्धारित लेन से रमाडा की ओर जा सकेंगे।
यमुना एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से आने वाले भारी वाहनों को भी इनर रिंग रोड के जरिए वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। वहीं, 26 जुलाई को खंदारी परिसर में कार्यक्रम के चलते 25 जुलाई की रात से यमुना किनारा और जीवनी मंडी क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्टरों के गोदामों पर भारी वाहनों के प्रवेश और लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक रहेगी। इसके अलावा 25 जुलाई को नो-एंट्री खुलने के बाद भी एत्माद्दौला, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज की पुलिया, पालीवाल पार्क और अन्य वैकल्पिक मार्गों से जीवनी मंडी एवं यमुना किनारा की ओर मध्यम और भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
पार्किंग की विशेष व्यवस्था
प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए चार पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। टाटा ग्राउंड के समीप खाली प्लॉट, बीजी क्राफ्ट पार्किंग और त्रिवेणी ग्रीन्स पार्किंग को जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि चौथी पार्किंग जनसभा स्थल पर बसों और हल्के वाहनों के लिए बनाई गई है। फतेहाबाद रोड और माल रोड की ओर से आने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि कार्यक्रम स्थल तक यातायात सुचारु बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें, अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें तथा यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी लेकर ही घर से निकलें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।