Hindi News / अपराध / आगरा

ऑनर किलिंग : कोर्ट मैरिज से नाराज पिता ने 22 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या की…

Article Top Ad

आगरा। जनपद आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली कथित ऑनर किलिंग की घटना सामने आई। परिवार की इच्छा के विरुद्ध प्रेम विवाह करने वाली 22 वर्षीय युवती अंशिका (बदला हुआ नाम) की कथित तौर पर उसके ही पिता ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिता विमल शर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब पांच बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। घर के भीतर युवती का शव पड़ा मिला। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतका ने 23 फरवरी 2026 को परिवार की मर्जी के खिलाफ आईटीबीपी के एक जवान से कोर्ट मैरिज की थी। इस विवाह के बाद से परिवार में लगातार विवाद चल रहा था। परिजन इस रिश्ते से नाराज थे और इसी बात को लेकर घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले युवती ने पड़ोसियों से अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई थी। उसने कहा था कि उसे डर है कि परिवार उसके साथ कोई बड़ी घटना कर सकता है। सोमवार सुबह जब घर से चीख-पुकार की आवाजें आईं तो पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी।

मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बेटी के कोर्ट मैरिज करने से बेहद नाराज था और इसी आक्रोश में उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि घटना के बाद मृतका की मां और भाई घर से गायब मिले। पुलिस उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है। यदि विवेचना में उनकी संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कराया गया है और फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रेम विवाह को लेकर हुई यह कथित ऑनर किलिंग एक बार फिर समाज के सामने गंभीर सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google