Hindi News / आगरा / आस्था

कैलाश मंदिर में सुरक्षा का रियलिटी चेक, एसीपी अमीषा ने संभाली कमान; सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को किया चाक-चौबंद

Article Top Ad

आगरा। श्रावण माह के पहले सोमवार पर थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित प्राचीन कैलाश मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त (हरीपर्वत) अमीषा ने शनिवार को कैलाश मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान एसीपी अमीषा ने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर श्रावण के पहले सोमवार को आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या, दर्शन व्यवस्था, जलाभिषेक व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसीपी ने बैरिकेडिंग, कांवड़ मार्ग, जलाभिषेक स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा महिला श्रद्धालुओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर पूरी मुस्तैदी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने को कहा। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों और आम श्रद्धालुओं की आवाजाही निर्बाध बनी रहे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रावण माह में कैलाश मंदिर में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगमता के साथ दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकें। निरीक्षण के दौरान थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी, फैक्ट्री एरिया चौकी प्रभारी उ0नि0 अजय जायसवाल, उ0नि0 आशीष त्यागी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google