आगरा। आगरा के इनर रिंग रोड स्थित रहनकला टोल प्लाजा के पास सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। टोल प्लाजा से महज कुछ मीटर की दूरी पर सड़क पर आवारा पशु खुलेआम घूमते और बैठे दिखाई दे रहे हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच पशुओं की मौजूदगी के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि टोल प्रबंधन की ओर से इस समस्या को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि इनर रिंग रोड पर दिन-रात बड़ी संख्या में कार, बस, ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बैठे या अचानक सामने आ जाने वाले आवारा पशु कभी भी किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकते हैं। खासकर रात के समय, बारिश के दौरान और कम दृश्यता की स्थिति में यह खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
वाहन चालकों का आरोप है कि टोल प्लाजा पर प्रत्येक वाहन से नियमों के अनुसार टोल टैक्स तो पूरी सख्ती से वसूला जाता है, लेकिन सड़क को सुरक्षित बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने में लापरवाही बरती जा रही है। उनका कहना है कि यदि टोल शुल्क लिया जा रहा है तो सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक दिन की समस्या नहीं है। कई दिनों से टोल प्लाजा के आसपास आवारा पशु सड़क पर घूमते देखे जा रहे हैं। कई बार वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे पीछे चल रहे वाहनों के टकराने का भी खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि अब तक कई छोटे-छोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन कोई बड़ा हादसा होने का इंतजार किया जा रहा है।
राहगीरों का आरोप है कि टोल प्लाजा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। यदि समय रहते सड़क से आवारा पशुओं को नहीं हटाया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अधिकारियों तथा टोल प्रबंधन से मांग की है कि सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को तत्काल हटाया जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा के लिए नियमित गश्त, निगरानी और आवश्यक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े। इस मामले में टोल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। यदि उनका बयान प्राप्त होता है, तो उसे भी समाचार में प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। फिलहाल सड़क का उपयोग करने वाले लोगों की यही मांग है कि टोल वसूली के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि इनर रिंग रोड पर सफर सुरक्षित बन सके।