आगरा। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम (अनंतनाग) में आयोजित 28वीं सब जूनियर, 39वीं जूनियर एवं 39वीं सीनियर राष्ट्रीय रस्साकसी चैंपियनशिप-2026 में उत्तर प्रदेश की अंडर-19 पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीत लिया। टीम की इस उपलब्धि से प्रदेश के साथ-साथ आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम का सामना दिल्ली से हुआ। रोमांचक मुकाबले में टीम ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन दिल्ली की टीम विजेता रही। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश ने रजत पदक अपने नाम कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। प्रतियोगिता से लौटने के बाद विजेता खिलाड़ी फतेहपुर सीकरी के सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के आगरा स्थित आवास पहुंचे। यहां सांसद ने खिलाड़ियों, उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती और संयुक्त सचिव संजय कुमार का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच हैं। उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उत्तर प्रदेश रस्साकसी संघ के महासचिव एन.के. चक्रवर्ती ने कहा कि सांसद राजकुमार चाहर के सहयोग और प्रोत्साहन के कारण खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि सांसद खेल स्पर्धा से उभरकर आई इसी टीम ने पहले स्वर्ण पदक जीता था और अब राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने भी सांसद राजकुमार चाहर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है। कार्यक्रम में संयुक्त सचिव संजय कुमार, परमवीर चाहर, वीरू फौजदार, सचिन गोयल, रौनक कुमार, देव कुमार सहित रस्साकसी टीम के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।