डौकी। थाना डौकी क्षेत्र के गांव कछपुरा में मंगलवार को पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि गांव निवासी एक युवक ने अपने ससुरालियों को घर बुलाकर मां, भाई और दोनों भाभियों पर लाठी-डंडों व फावड़ों से हमला करा दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा, जहां उनका मेडिकल कराया गया। मामले में पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित महेंद्र सिंह निवासी कछपुरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह उनके सबसे छोटे बेटे गंगा प्रसाद ने अपने ससुराल फोन कर लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर बाद करीब आधा दर्जन लोग लाठी-डंडे और फावड़े लेकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि आते ही उन्होंने घर में घुसकर पुत्रवधू दुर्गेश पत्नी उदयवीर पर फावड़े से हमला कर दिया।
दुर्गेश की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचे उदयवीर, बड़ी पुत्रवधू माला देवी पत्नी जोगेंद्र तथा महेंद्र सिंह की पत्नी लज्जावती पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों और फावड़ों से हमला बोल दिया। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपित जेब में रखे पांच हजार रुपये और पुत्रवधू दुर्गेश के कानों के कुंडल भी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल थाना डौकी पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार व मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।