आगरा। कमिश्नरेट आगरा की थाना एकता पुलिस ने जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना ताजगंज में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त नगर और अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध के नेतृत्व में नगर जोन में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जमीनों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर झूठे प्रपत्रों के आधार पर लोगों को बहला-फुसलाकर जमीन बेचने, फर्जी रजिस्ट्री कराने और आर्थिक लाभ अर्जित करने वाले गिरोह के विरुद्ध थाना ताजगंज में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना एकता पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को ताल सेमरी कृष्णा नगर क्षेत्र से, नीरज कुमार को गुतिला पुल के पास से तथा राजकुमार को ताल सेमरी चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज कुमार पुत्र विशाल सिंह, हाल निवासी ताल सेमरी थाना एकता, आगरा (स्थायी निवासी नागर खेड़ा, थाना राजाखेड़ा, जिला धौलपुर, राजस्थान), राजकुमार पुत्र कालू, निवासी देवरी रोड, ताल सेमरी थाना एकता, आगरा तथा एक महिला अभियुक्ता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संगठित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को गुमराह करते थे और जमीनों की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी कर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और भूमि संबंधी धोखाधड़ी करने वालों पर गैंगस्टर एक्ट सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।