CCTV बना सबसे बड़ा सुराग, आगरा कैंट से निजामुद्दीन और फिर हरिद्वार तक पहुंची पुलिस, चार टीमों ने दिन-रात की तलाश, दो परिवारों की लौटी खुशियां
आगरा। कमला नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कक्षा-9 के छात्र प्रथम गुप्ता और अमोल गुप्ता के लापता होने के मामले में आखिरकार पुलिस को बड़ी सफलता मिल गई। करीब 48 घंटे तक चले हाई-प्रोफाइल सर्च ऑपरेशन के बाद कमला नगर पुलिस ने दोनों छात्रों को हरिद्वार की हर की पौड़ी से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों छात्रों के सुरक्षित मिलने के बाद उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद दोनों छात्र घर नहीं पहुंचे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। देर शाम तक तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद कमला नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पवन सैनी ने तत्काल पुलिस की चार विशेष टीमें गठित कर तलाश अभियान शुरू कराया। जांच के दौरान पुलिस ने शहरभर के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों छात्र स्कूल ड्रेस बदलकर सादे कपड़ों में ई-रिक्शा से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचते दिखाई दिए। वहां से दोनों स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली की ओर रवाना हुए। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आगे के रूट की जानकारी जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और CCTV की मदद से पुलिस को पता चला कि दोनों छात्र हरिद्वार की ओर निकल गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें हरिद्वार पहुंचीं और लगातार तलाश के बाद हर की पौड़ी क्षेत्र से दोनों छात्रों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित आगरा लाया गया। इस पूरे ऑपरेशन में CCTV फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और लगातार फील्ड ट्रैकिंग पुलिस की सबसे बड़ी ताकत साबित हुई। थाना प्रभारी पवन सैनी के नेतृत्व में चली कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि समय रहते की गई सतर्कता से बड़ी घटनाओं को टाला जा सकता है।
दोनों छात्रों के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। परिवारों ने कमला नगर पुलिस की मुस्तैदी, त्वरित कार्रवाई और लगातार किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों छात्रों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की वैधानिक एवं आवश्यक कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार की जाएगी।