Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

एमजी रोड पर स्कूल वैनों की सघन चेकिंग, ओवरलोड वाहनों पर चला पुलिस का डंडा; फिटनेस खत्म होने पर एक वैन सीज

Article Top Ad

आगरा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगरा यातायात पुलिस ने सोमवार को शहर के व्यस्ततम एमजी रोड पर स्कूल वैनों के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालित की जा रही स्कूल वैनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194A के तहत कई वाहनों के चालान किए गए, जबकि फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त होने पर एक स्कूल वैन को मौके पर ही सीज कर दिया गया। यह अभियान ट्रैफिक इंस्पेक्टर दुश्यंत राणा (भगवान टॉकीज) के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने स्कूल वैनों को रोककर उनके सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र सहित सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

चेकिंग के दौरान कई स्कूल वैन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर संचालित होती मिलीं। ऐसे वाहनों के खिलाफ तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 194A के तहत चालान की कार्रवाई की गई। वहीं एक वैन का फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त मिलने पर उसे सीज कर दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध फिटनेस और सुरक्षा मानकों का पालन किए किसी भी स्कूल वाहन को सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा। ट्रैफिक इंस्पेक्टर दुश्यंत राणा ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, अधूरे दस्तावेज, तेज रफ्तार या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाएं और सभी सुरक्षा नियमों का पालन करें।

यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक वाहन शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों पर खरा उतरता हो। अभिभावकों से भी आग्रह किया गया कि वे बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की स्थिति और सुरक्षा मानकों पर ध्यान दें तथा किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल यातायात पुलिस को दें। आगरा यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में स्कूल वाहनों की लगातार जांच की जाएगी, ताकि किसी भी लापरवाही के कारण बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ न हो और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google