आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय तिवाह में सहायक अध्यापक के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने प्रारंभिक जांच कर सहायक अध्यापक हरमेश कांत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। बताया जा रहा है कि सहायक अध्यापक के नशे की हालत में विद्यालय पहुंचने की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन (चरण सिंह) के कार्यकर्ता विद्यालय पहुंच गए। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने शिक्षक को स्कूल परिसर में ही पकड़ लिया। इस दौरान किसी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रारंभिक जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर सहायक अध्यापक हरमेश कांत को निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि घटना की सभी परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच की जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विद्यालय अनुशासन और बच्चों के भविष्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि विभागीय जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो नियमानुसार आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और सरकारी विद्यालयों में अनुशासन को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी स्कूलों में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।