Hindi News / अपराध / आगरा

ऑटो चालक बना लुटेरा! शॉर्टकट के बहाने सवारी से 47 हजार रुपये की छीनैती, 24 घंटे में सिकंदरा पुलिस ने किया खुलासा

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। थाना सिकंदरा पुलिस ने सवारी से 47 हजार रुपये की छीनैती की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनैती के 2400 रुपये, लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार कपड़ों की फेरी करने वाले पीड़ित ने थाना सिकंदरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई को वह फरह से सिकंदरा आने के लिए एक ऑटो में बैठा था। रास्ते में चालक ने शॉर्टकट बताकर ऑटो को जऊपुरा रोड की ओर मोड़ दिया। सुनसान स्थान पर ऑटो चालक और पीछे बैठे उसके साथी ने पीड़ित से 47 हजार रुपये छीन लिए और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।

प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार साक्ष्य जुटाते हुए मुखबिर की सूचना पर 30/31 जुलाई की रात केशव फार्महाउस गोल चक्कर के पास से आरोपी आशीष पुत्र राजू निवासी ग्राम अरतौनी, थाना सिकंदरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किराये का ऑटो चलाता है।

घटना वाले दिन उसने अपने साथी सुमित के साथ ऑटो में बैठे यात्री की जेब उभरी हुई देखी और अंदाजा लगाया कि उसके पास नकदी है। लालच में दोनों ने ऑटो को सुनसान रास्ते पर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और 47 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों ने रकम बराबर-बराबर बांट ली। आरोपी ने अपने हिस्से की रकम में से 5 हजार रुपये देकर किस्तों पर मोबाइल फोन खरीद लिया, कुछ रुपये खर्च कर दिए और शेष बचे 2400 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो और लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। मामले में फरार आरोपी सुमित पुत्र दौलतराम निवासी अरतौनी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इस पूरे मामले के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक राजीव त्यागी, उ0नि0 अजय जायसवाल (चौकी प्रभारी फैक्ट्री एरिया), उ0नि0 नीलेश शर्मा और उ0नि0 आकाश सहित थाना सिकंदरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन के साथ लूट व छीनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google