Hindi News / आगरा / उत्तरप्रदेश

बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, एडीसीपी ट्रैफिक अलका की पहल से सेंट पीटर्स कॉलेज में चला विशेष जागरूकता अभियान

Article Top Ad

“बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं”— एडीसीपी ट्रैफिक अलका ने स्कूल वाहन चालकों को दिए सख्त निर्देश

आगरा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा ट्रैफिक पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के मार्गदर्शन में अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) अलका के नेतृत्व में सेंट पीटर्स कॉलेज, आगरा में विशेष सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय से जुड़े बस, वैन, ईको और ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन की नियमित फिटनेस बनाए रखने तथा बच्चों को सुरक्षित ढंग से स्कूल लाने-ले जाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अपर पुलिस उपायुक्त अलका ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल वाहन चालक केवल वाहन नहीं चला रहे, बल्कि दर्जनों परिवारों के विश्वास और बच्चों की जिम्मेदारी भी उनके हाथों में होती है। ऐसे में प्रत्येक चालक का दायित्व है कि वह यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करे। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग, लापरवाही, तेज रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में ट्रैफिक पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई तथा उन्हें बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर परिस्थिति में जिम्मेदारी के साथ वाहन संचालन करने का संकल्प कराया गया। आगरा ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के तहत जनजागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि प्रत्येक स्कूली बच्चा सुरक्षित घर से विद्यालय और विद्यालय से घर पहुंच सके।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google