Hindi News / अपराध / आगरा

40 लाख की लूट या कहानी में कोई बड़ा राज? सूचना में देरी से पुलिस को गहराया शक

Oplus_131072
Article Top Ad

आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र में मंगलवार को सर्राफा कारोबारी से करीब 40 लाख रुपये की कथित लूट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई टीमें लगा दी हैं, वहीं शुरुआती जांच में सामने आए कुछ तथ्यों के चलते पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। जानकारी के अनुसार, हाथरस जनपद के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव कुरसंडा निवासी रामवीर सर्राफा कारोबारी हैं। उनका कहना है कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे वह बाइक से आगरा के किनारी बाजार चांदी खरीदने आ रहे थे। उनके बैग में करीब 40 लाख रुपये नकद थे। कारोबारी के मुताबिक, जैसे ही वह खंदौली क्षेत्र के घूंसा के पास पहुंचे, बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

पीड़ित का दावा है कि लूटी गई रकम में 21 लाख रुपये बैंक से लिया गया लोन था, जबकि 19 लाख रुपये अन्य सर्राफा कारोबारियों के थे। उनका कहना है कि वह नियमित रूप से किनारी बाजार चांदी खरीदने आते हैं और आशंका है कि बदमाश पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। हालांकि, पुलिस जांच में सबसे अहम सवाल घटना की सूचना देने में हुई देरी को लेकर उठ रहा है। पुलिस के अनुसार, वारदात के तुरंत बाद न तो 112 पर कॉल की गई और न ही स्थानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई। पहले कारोबारी ने अपने परिजनों को मौके पर बुलाया और उनके पहुंचने के बाद करीब ढाई बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसी वजह से पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही थाना खंदौली पुलिस, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, कारोबारी के आने-जाने के रास्ते, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि यदि इतनी बड़ी रकम ले जाई जा रही थी तो इसकी जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची और वारदात वास्तव में किस प्रकार हुई। डीसीपी आदित्य ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

दिनदहाड़े सामने आए इस मामले ने व्यापारियों में चिंता बढ़ा दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर तथ्य सामने लाए जाएंगे। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई थी। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई थी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google