Hindi News / आगरा

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में उतरी वोल्वो बस, 60 यात्रियों में 6 घायल

Article Top Ad

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से आगरा आ रही यात्रियों से भरी एक वोल्वो बस अचानक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे किनारे खाई में उतर गई। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिनमें 6 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर-35 पर हुआ। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक झपकी आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे खाई में उतर गई। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पलटने से बचा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस, यूपीडा (UPEIDA) की टीम और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा। घटना के बाद कुछ देर के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया। पुलिस ने बस को हटवाकर मार्ग को पूरी तरह सुचारु कराया।

पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google