आगरा। छावनी क्षेत्र में शिल्पग्राम पार्किंग के पास उफनते सीवर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पूर्व विधायक के बेटे ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की बदहाल व्यवस्था को दिखाते हुए विकास कार्यों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में सीवर ओवरफ्लो होने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे। वीडियो में उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “वर्तमान विधायक छावनी का हाल जानते हैं या नहीं, यह तो वही बताएं, लेकिन शिल्पग्राम पार्किंग के पास उफनता सीवर विकास की असल तस्वीर जरूर दिखा रहा है।” उन्होंने दावा किया कि लंबे समय से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्गंध के साथ-साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर ओवरफ्लो की समस्या नई नहीं है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। बरसात के दौरान हालात और भी बदतर हो जाते हैं तथा सड़क पर गंदा पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। वायरल वीडियो के बाद एक बार फिर छावनी क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को लेकर बहस तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पर्यटन क्षेत्र के आसपास ही ऐसी स्थिति है, तो अन्य इलाकों की हालत कैसी होगी। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग या वर्तमान जनप्रतिनिधि की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।