Hindi News / अपराध / आगरा

आगरा में ऑनर किलिंग का दूसरा मामला! दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से बेटी को लाया पिता, चंबल नदी में डुबोकर हत्या का आरोप

Article Top Ad

आगरा।

आगरा में ऑनर किलिंग के मामलों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। जैतपुर थाना क्षेत्र में बेटी की हत्या के मामले के खुलासे के एक दिन बाद अब बासौनी थाना क्षेत्र से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली में रहने वाले पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को दवा दिलाने के बहाने गांव लाकर चंबल नदी में डुबोकर मार डाला। फिलहाल दिल्ली पुलिस और बासौनी पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं, जबकि चंबल नदी में युवती के शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस के अनुसार, युवती का परिवार मूल रूप से बासौनी थाना क्षेत्र के गांव लखनपुरा का रहने वाला है, लेकिन लंबे समय से दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रह रहा था। आरोप है कि 29 जुलाई को पिता लखपत सिंह बेटी को दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से आगरा लेकर आया और चंबल नदी किनारे पहुंच गया। इसके बाद युवती की हत्या कर शव नदी में फेंकने का आरोप है।

जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी पिता के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो मिलने का दावा किया जा रहा है। पुलिस इन्हीं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी दिल्ली लौट गया और थाना तिगड़ी में अपनी ही बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

दिल्ली पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि युवती आखिरी बार अपने पिता के साथ आगरा के बासौनी क्षेत्र में थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस आरोपी पिता को साथ लेकर बासौनी पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से चंबल नदी किनारे जांच शुरू की।

युवती का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है। बासौनी पुलिस, दिल्ली पुलिस और पीएसी के गोताखोर चंबल नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

प्रारंभिक जांच में युवती के गर्भवती होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आरोपी पिता से लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र में भी ऑनर किलिंग का मामला सामने आया था। पुलिस जांच में आरोप है कि मां, पिता और भाई ने मिलकर अपनी बेटी की हत्या कर दी थी। उस मामले में पुलिस पिता को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google