Hindi News / अपराध / आगरा

दलित दूल्हे की बरात विवाद के बाद कड़ी सुरक्षा में हुई दुल्हन की विदाई, रातभर गांव में डटा रहा पुलिस बल (Following a dispute over the Dalit groom’s wedding procession, the bride’s vidai (farewell) took place under tight security, with police forces remaining stationed in the village throughout the night.)

Article Top Ad

आगरा। फतेहाबाद तहसील के थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव रामपुर में दलित समाज की बरात को लेकर सोमवार शाम शुरू हुआ विवाद पुलिस प्रशासन की सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गया। बरात के मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनने के बाद पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हालात पर लगातार नजर रखी गई। मंगलवार सुबह दुल्हन की विदाई भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकुशल कराई गई। इसके बाद स्थिति सामान्य होने पर अतिरिक्त पुलिस बल वापस लौट गया। जानकारी के अनुसार गांव रामपुर निवासी गुरचरण सिंह वाल्मीकि की पुत्री जसोदा का विवाह बिचपुरी क्षेत्र के गांव सैता निवासी जितेंद्र पुत्र सोहन के साथ तय था। सोमवार शाम बरात गांव पहुंची। इसी दौरान बरात को पारंपरिक मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से निकालने को लेकर कुछ ग्रामीणों ने आपत्ति जता दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया। विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई।

मौके पर थाना निबोहरा के अलावा मंसुखपुरा, फतेहाबाद, शमसाबाद और इरादतनगर थानों का पुलिस बल पहुंच गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (शमसाबाद) राजीव रंजन और पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों को समझाया और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। करीब तीन घंटे तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और पुलिस की निगरानी में बरात को शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे गांव में रातभर सुरक्षा व्यवस्था कायम रखी। गांव के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा और लगातार गश्त की गई। अधिकारियों ने पूरी रात हालात पर नजर बनाए रखी ताकि किसी तरह का तनाव दोबारा उत्पन्न न हो सके।

मंगलवार सुबह दुल्हन की विदाई भी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न कराई गई। विदाई के दौरान पुलिसकर्मी पूरे समय मौजूद रहे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। विदाई के बाद जब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई, तब अतिरिक्त पुलिस बल को वापस बुला लिया गया। सहायक पुलिस आयुक्त शमसाबाद राजीव रंजन ने बताया कि बरात के मार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनी थी। एहतियातन पूरे सर्किल का पुलिस बल दुल्हन की विदाई तक गांव में तैनात रखा गया। विदाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई है और गांव में पूरी तरह शांति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी। यदि कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google