Hindi News / अपराध / आगरा

मोहब्बत के लिए दोस्ती ने कराया जुर्म! प्रेमिका को भगाने के लिए चाहिए थे रुपये, दोस्तों संग रच डाली चोरी की साजिश

Article Top Ad

आगरा। कहते हैं दोस्ती हर मुश्किल में साथ देती है, लेकिन आगरा में दोस्ती का एक ऐसा चेहरा सामने आया जिसने तीन युवकों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस के अनुसार, एक युवक अपनी प्रेमिका को साथ लेकर भागना चाहता था। इसके लिए उसे पैसों की जरूरत थी। दोस्त की इस इच्छा को पूरा करने के लिए उसके साथियों ने मिलकर चोरी की साजिश रची और अखिलेश टॉवर की दुकानों को निशाना बना डाला।

शनिवार रात अखिलेश टॉवर स्थित दो दुकानों के ताले तोड़कर चोर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदारों ने दो लाख रुपये से अधिक की नकदी और सामान चोरी होने की बात कही। पहचान छिपाने के लिए चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर साथ ले गए, ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंच सके।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं। जांच के दौरान पुलिस को अखिलेश टॉवर के पीछे नाला बुढ़ान सैयद बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते से अहम सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर छोटू उर्फ सोहन, सत्यम और विकास को गिरफ्तार कर लिया। विकास नगर निगम में मृतक आश्रित कोटे से सफाई कर्मचारी बताया गया है।

एसीपी हरीपर्वत अमीषा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से ₹14,450 नकद, पांच मोबाइल फोन और चेक बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका साथी नन्नू अपनी प्रेमिका को साथ लेकर भागना चाहता था और इसके लिए पैसों की व्यवस्था करनी थी। साथ ही अन्य साथियों को भी खर्च के लिए रुपये चाहिए थे। इसी वजह से सभी ने मिलकर चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक आरोपी नन्नू अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब दोस्ती गलत रास्ता चुन ले, तो उसका अंजाम सीधे जेल तक पहुंचा देता है।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google