आगरा। किराये पर स्कूटी लेकर उन्हें मोटी रकम के लिए गिरवी रखने और वाहन स्वामियों से धोखाधड़ी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का थाना रकाबगंज पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धोखाधड़ी कर हड़पी गई छह स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, ओलिया रोड चीलगढ़ स्थित राज मोटर्स के संचालक ने 6 जुलाई को थाना रकाबगंज में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने 3 जून को रिषभ पाराशर और 26 जून को रिषभ कुमार को किराये पर स्कूटी दी थी, लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी दोनों ने वाहन वापस नहीं किए। संपर्क करने पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी योगेश कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से शिकायतकर्ता की दो स्कूटियों के अलावा चार अन्य स्कूटियां और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद कुल छह स्कूटियों में चार वाहन मथुरा से किराये पर लिए गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे योजनाबद्ध तरीके से आगरा, मथुरा समेत विभिन्न स्थानों से स्कूटी किराये पर लेते थे। इसके बाद इन वाहनों को मोटी रकम लेकर गिरवी रख देते थे और वाहन मालिकों को वापस नहीं करते थे। गिरवी से मिलने वाली रकम से दोनों आरोपी ऐशो-आराम और अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए जाने के समय दोनों आरोपी छह स्कूटियों को फिर से गिरवी रखने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिषभ पाराशर पुत्र कृष्ण गोपाल पाराशर, निवासी भारत एकेडमी, कोटला रोड, थाना उत्तर, जनपद फिरोजाबाद तथा रिषभ कुमार पुत्र अजय कुमार, निवासी सुहाग नगर पुलिस चौकी के पास, थाना दक्षिण, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों ने अब तक कितने वाहन इसी तरीके से किराये पर लेकर गिरवी रखे हैं और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। जिन लोगों के पास गिरवी रखी गई स्कूटियां पहुंची हैं, उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। आशंका है कि गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से वाहन स्वामियों को निशाना बनाकर धोखाधड़ी कर रहा था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेश कुमार, उ0नि0 अरुण कुमार तथा बालूगंज चौकी प्रभारी श्याम सुंदर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रकाबगंज पुलिस का कहना है कि वाहन किराये पर लेकर धोखाधड़ी करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।