Hindi News / आगरा

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अलर्ट, पुलिस आयुक्त ने सभी विभागों के साथ बनाई रणनीति

Article Top Ad

12 फीट से ऊंची कांवड़ पर रोक, डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा में ही बजेंगे; संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

आगरा। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। मंगलवार को पुलिस लाइंस स्थित शहीद प्रशांत मेमोरियल हॉल में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार (आईपीएस) की अध्यक्षता में अपर पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी की मौजूदगी में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ समितियों के साथ बैठक कर शासन की गाइडलाइन से अवगत कराने के निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि कांवड़ की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होगी और यात्रा में उपयोग होने वाले डीजे केवल न्यायालय के निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही बजाए जाएंगे।

पुलिस आयुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्गों की मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा मार्गों और प्रमुख मंदिरों के आसपास मीट की दुकानें बंद रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल सहायता, एंबुलेंस, क्रेन और अन्य आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

खाद्य एवं औषधि विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल, ढाबों और दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं से अधिक कीमत न वसूली जा सके। वहीं पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को कांवड़ मार्ग की टूटी सड़कों की मरम्मत, जलभराव की समस्या दूर करने तथा बिजली विभाग को ढीले तारों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत पोलों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि द्वितीय सोमवार पर शिव मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। हाथी घाट, पोइयां घाट और बटेश्वर सहित प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त महिला पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

बैठक में सेवा शिविर संचालकों से समन्वय, जेबकतरे, चेन स्नेचिंग और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने, अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने तथा पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से रियल टाइम सूचना साझा करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने सभी अधिकारियों से कहा कि श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने दें।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google