आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को उस समय फिल्मी अंदाज में पुलिस का ऑपरेशन सफल हुआ, जब डौकी थाना पुलिस और पूर्वी जोन की सर्विलांस सेल ने अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहे एक तस्कर को घेराबंदी कर दबोच लिया। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि तस्कर भागने का मौका भी नहीं जुटा सका। कार्रवाई में करीब 20 लाख रुपये कीमत की 348 पेटी अंग्रेजी शराब, एक डीसीएम, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। कमिश्नरेट आगरा में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल के निर्देशन में की गई। ऑपरेशन की कमान डौकी थाना प्रभारी सुनीत शर्मा और सर्विलांस सेल प्रभारी सचिन तौमर ने संभाली। दोनों टीमों के बीच बेहतर तालमेल और सटीक रणनीति के चलते पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनीत शर्मा ने बिना समय गंवाए टीम को सक्रिय कर एक्सप्रेसवे पर घेराबंदी करा दी। कुछ ही देर बाद संदिग्ध डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई तो वाहन के अंदर इम्पीरियल ब्लू प्रीमियम ग्रेन व्हिस्की की 348 पेटियां भरी मिलीं। इनमें कुल 7728 बोतलें थीं। मौके से राजस्थान के बालोतरा निवासी मूलाराम को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। अब यह पता लगाया जा रहा है कि खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन जिलों में पहुंचाया जाना था। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनीत शर्मा की सक्रियता और तेज रणनीति की चर्चा रही। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम के साथ तत्काल मोर्चा संभाला और योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर बिना किसी नुकसान के पूरी खेप बरामद कर ली। पुलिस अधिकारियों ने भी टीम के समन्वय और सतर्कता की सराहना की। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी सुनीत शर्मा, सर्विलांस सेल प्रभारी सचिन तौमर, राजीव पाराशर सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।