आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का लंबे समय तक कथित शारीरिक शोषण करने, उससे रुपये और जेवर हड़पने तथा मारपीट करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर फाउंड्रीनगर बस स्टैंड से दबोचा गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 4 जुलाई को थाना ट्रांस यमुना में तहरीर देकर बताया कि उसके पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी है और उसके चार पुत्र हैं। करीब पांच वर्ष पहले उसकी फेसबुक के माध्यम से गौतम जाटव से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि गौतम जाटव ने उससे शादी करने और उसके चारों बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया, जिसके बाद वह मथुरा से आगरा आकर उसके साथ रहने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि शादी का वादा करने के बावजूद आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान उसने उससे एक लाख रुपये ले लिए और उसके जेवर भी अपने कब्जे में कर लिए। महिला ने पुलिस को बताया कि वह फल का ठेला लगाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है, लेकिन आरोपी शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और उसकी मेहनत की कमाई भी छीन लेता था। शिकायत मिलने के बाद थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर फाउंड्रीनगर बस स्टैंड से गौतम जाटव पुत्र भंवर सिंह, निवासी कलवारी बिचपुरी रोड, थाना जगदीशपुरा, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और बयान के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।