Hindi News / अपराध / आगरा

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर गिरफ्तार; तीन चोरी की बाइक, पार्ट्स और औजार बरामद (Bike theft gang busted, two notorious thieves arrested; three stolen bikes, parts, and tools recovered.)

Article Top Ad

आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस और सर्विलांस सेल (नगर जोन) की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, एक मोटरसाइकिल के खुले पार्ट्स, दो मोबाइल फोन, बाइक के पार्ट्स खोलने में इस्तेमाल होने वाले औजार और 3,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लंबे समय से आगरा में मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पार्ट्स बेचने का अवैध कारोबार कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, रकाबगंज क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। थाना रकाबगंज और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केंद्रीय विद्यालय रेलवे ईदगाह के पीछे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर शवनेश उर्फ शिवा पुत्र राजेश, निवासी नगला झील, थाना जसराना, जनपद फिरोजाबाद तथा सुवेंद्र उर्फ भोला पुत्र रामप्रेश, निवासी गीगना, थाना एका, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जबकि उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इनमें से एक बाइक के पहिए पहले ही निकालकर बेच दिए गए थे। इसके अलावा एक अन्य चोरी की बाइक के खुले पार्ट्स, दो मोबाइल फोन, एक पेचकस, दो रिंच, एक प्लास और 3,300 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे आगरा और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों और जंगलों में छिपा देते थे। कुछ दिन बाद मौका मिलने पर मोटरसाइकिलों के पार्ट्स खोलकर अलग-अलग बेच देते थे। चोरी और पार्ट्स बेचने से मिलने वाले पैसों से दोनों अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे और इनके खिलाफ अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितनी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और चोरी के पार्ट्स किन लोगों को बेचे गए। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की भी तलाश की जा रही है। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जिलों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरे अभियान में थानाध्यक्ष योगेश कुमार, प्रभारी सर्विलांस सेल (नगर जोन) उ0नि0 अभिषेक कुमार तिवारी, उ0नि0 राहुल तोमर तथा उ0नि0 अर्जुन प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

agranewsnetwork को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →On Google