आगरा। दिल्ली से बाह जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की एक बस रविवार को आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। पारस डेयरी के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का पहिया निकल गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल बस में फंसे यात्रियों की मदद की तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरी रोडवेज बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है।
वहीं, हादसे के बाद रोडवेज बसों की फिटनेस और रखरखाव को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। गनीमत रही कि समय रहते बस नियंत्रित हो गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।